सारंगढ़

सफाई कर्मियों की दीपावली संवारी, रतन शर्मा ने बांटी खुशियां…

सारंगढ़। दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के जीवन में खुशियों का उजाला बिखेरने का अवसर भी है। इसी मानवीय भावना और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए कैट जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने नगर के सफाई कर्मियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कर उन्हें सम्मानित किया।

नगर की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में दिन-रात जुटे सफाई कर्मियों की दीपावली भी खुशहाल बने, इसी उद्देश्य से रतन शर्मा ने दो दर्जन से अधिक सफाई कर्मियों का सम्मान एवं उपहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सभी कर्मियों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं महिला सफाई कर्मियों को साड़ी और पुरुष कर्मियों को शर्ट प्रदान की गई। इसके साथ ही मिठाई, कप सेट एवं नगद राशि भेंटकर दीपावली की खुशियां बांटी गईं। उपहार पाकर सफाई कर्मियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक उठा।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि रतन शर्मा की नन्हीं पोती अनमोल ने भी कार्यक्रम में सहभागी बनकर सफाई कर्मियों को उपहार वितरण में हाथ बंटाया। नन्हीं बच्ची की आत्मीयता और स्नेह ने पूरे आयोजन को और भी भावुक एवं यादगार बना दिया। सफाई कर्मियों ने इस सम्मान और अपनत्व के लिए रतन शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पहल की सराहना की।

इस अवसर पर रतन शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मी ही नगर की स्वच्छता के असली नायक हैं। उनके परिश्रम और समर्पण से ही हमारा शहर स्वच्छ और सुंदर दिखाई देता है। ऐसे कर्मठ लोगों और उनके परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियां और सम्मान पहुंचे।

रतन शर्मा की इस पहल ने दीपावली के अवसर पर सामाजिक समरसता, मानवीय संवेदना और श्रम के सम्मान का प्रेरणादायक संदेश दिया।

Back to top button