धान खरीदी से पहले किसानों में उत्साह, पहले दिन 393 क्विंटल का टोकन बुक…

सारंगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही जिले के किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शासन की नई व्यवस्था के तहत शुरू किए गए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन बुकिंग के पहले ही दिन किसानों ने शानदार प्रतिक्रिया देते हुए 393.20 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किया है।
जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की 80 समितियों के अंतर्गत संचालित कुल 95 धान उपार्जन केंद्रों में से 10 केंद्रों के किसानों ने 10 नवंबर की स्थिति में मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन बुक कराया है। इन किसानों को आगामी 15 नवंबर 2026 को धान विक्रय के लिए कुल 393.20 क्विंटल का टोकन जारी किया गया है।
जिला खाद्य अधिकारी कुजूर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक संचालित होगी। इस वर्ष किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टोकन वितरण की नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत कुल टोकन का 70 प्रतिशत मोबाइल ऐप के माध्यम से तथा शेष 30 प्रतिशत टोकन समितियों के जरिए जारी किए जाएंगे।
नई व्यवस्था से किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए समितियों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। किसान अपनी सुविधानुसार धान विक्रय की किसी भी तारीख के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। वहीं शासन द्वारा प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी का प्रावधान निर्धारित किया गया है।
धान खरीदी शुरू होने से पहले ही मोबाइल ऐप के माध्यम से मिली किसानों की सकारात्मक प्रतिक्रिया से प्रशासन भी उत्साहित है। अब देखना होगा कि खरीदी प्रक्रिया शुरू होने के बाद जिले के सभी 95 उपार्जन केंद्रों में व्यवस्था कितनी सुचारू रहती है और किसानों को अपनी उपज बेचने में कितनी सहूलियत मिलती है।