सारंगढ़

दीपावली मिलन में गूंजे गीत, भाजपा नेताओं ने साझा की खुशियां…

 

सारंगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्थानीय अग्रसेन भवन में दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। हर्षोल्लास, आत्मीयता और उत्साह से सराबोर यह समारोह दोपहर 1 बजे से शाम 3 बजे तक चला। कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं विभिन्न समाजों के प्रमुखों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल, जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, शमशेर सिंह, कामता जोल्हे, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष जालान सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान निखिल कुमार बानी ने प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा का गुलदस्ता भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। वहीं मंडल अध्यक्षों ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का अभिनंदन कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने वरिष्ठजनों एवं विभिन्न समाजों के प्रमुखों को गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित किया और सभी को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और संगठन की एकजुटता के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।

समारोह का सबसे खास और आकर्षक पल उस समय देखने को मिला, जब प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने अपनी गायन प्रस्तुति दी। उनकी सुरीली गायकी ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने इस प्रस्तुति का खूब आनंद लिया।

कार्यक्रम के समापन पर स्नेह भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक साथ भोजन कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। अंत में जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Back to top button