सारंगढ़

प्रतापगंज में खुली लोट्स लाइब्रेरी, अब विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर पढ़ाई की सुविधा…

 

सारंगढ़। नगर के प्रतापगंज में विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। यहां नवस्थापित लोट्स लाइब्रेरी का शुभारंभ सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े के करकमलों से किया गया। लाइब्रेरी के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर संचालक धनेश शर्मा को इस नई पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

लोट्स लाइब्रेरी में विद्यार्थियों की जरूरतों और सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। यहां वाई-फाई की सुविधा, अलग-अलग अध्ययन कक्ष (चेंबर), ज्ञानवर्धक पुस्तकें तथा पढ़ाई के लिए आवश्यक अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। लाइब्रेरी का उद्देश्य विद्यार्थियों को शांत, व्यवस्थित और अनुकूल वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी व्यवधान के एकाग्रचित होकर नियमित अध्ययन कर सकें और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।

इस पहल से नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। घर में पढ़ाई के लिए उचित माहौल या पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने वाले विद्यार्थियों के लिए यह लाइब्रेरी एक उपयोगी अध्ययन केंद्र साबित हो सकती है।

उद्घाटन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे, शुभम बाजपेयी सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

Back to top button