सारंगढ़

कुम्हारी में गूंजा गोवर्धन पूजा का जयघोष, गौभोज और महाभंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब…

 

बरमकेला। विकासखंड बरमकेला के ग्राम कुम्हारी स्थित श्री गोवर्धन गिरिराज मंदिर में झरिया यादव समाज परिक्षेत्र बरमकेला-सरिया के तत्वावधान में गोवर्धन गिरिराज पूजा एवं गौभोज कार्यक्रम का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। धार्मिक आस्था से ओतप्रोत इस आयोजन में आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन गिरिराज के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता कैलाश नायक विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने श्री गोवर्धन गिरिराज मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा मंदिर की परिक्रमा कर भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन गिरिराज जी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस अवसर पर उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

आयोजन के दौरान नाम संकीर्तन, विधिवत गोवर्धन पूजा, गौभोज, दही हांडी भंजन, महाभंडारा एवं प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। गौसेवा और धार्मिक परंपराओं के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए आयोजित गौभोज कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं महाभंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में समाज की एकजुटता, धार्मिक आस्था और आपसी भाईचारे की सुंदर झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर झरिया यादव समाज परिक्षेत्र के संरक्षक पुरन्धर यादव, अध्यक्ष पदुमलाल यादव, सचिव सूरज यादव, सरपंच प्रतिनिधि रामसागर पटेल, नीलांचल चौधरी, भाजपा जिला युवा मोर्चा प्रशिक्षण प्रमुख माधव पटेल सहित पंचगण, यादव समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, गणमान्य नागरिक एवं आसपास के गांवों से पहुंचे बड़ी संख्या में ग्रामवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और भक्तिभाव का वातावरण बना रहा।

Back to top button