56 साल से अधूरा बांध, कब बुझेगी खेतों की प्यास? जिला पंचायत सदस्य शिवा साहू ने प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा को सौंपा ज्ञापन, 20 से 25 गांवों के किसानों को मिल सकता है सिंचाई का लाभ…

सारंगढ़। क्षेत्र के किसानों की खुशहाली और कृषि विकास के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाला गड़ईनखोलिया बांध पिछले 56 वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। वर्ष 1970 से अधूरे इस बांध का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण क्षेत्र के किसानों को अब तक इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है। किसानों की वर्षों पुरानी इस समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवा अनिल साहू ने पहल करते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर बांध का अधूरा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत मोहतरा के नरेश नगर स्थित गड़ईनखोलिया बांध का निर्माण पूरा होने से आसपास के लगभग 20 से 25 गांवों के किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सकती है। इससे न केवल खेती-किसानी को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ क्षेत्र के कृषि विकास को भी नई दिशा मिल सकती है। लंबे समय से अधूरी पड़ी इस परियोजना को लेकर अब एक बार फिर उम्मीदें जागी हैं।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवा अनिल साहू ने प्रभारी मंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि गड़ईनखोलिया बांध क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। वर्ष 1970 से अधूरा पड़ा यह बांध आज भी अपने पूर्ण होने की प्रतीक्षा कर रहा है। यदि शासन इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य पूरा कराता है, तो दर्जनों गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए बड़ी राहत मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार बेहद आवश्यक है। किसानों की मेहनत तभी रंग लाएगी, जब उनके खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचेगा। गड़ईनखोलिया बांध का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी और किसानों को खेती के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
श्रीमती साहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारी मांग केवल एक बांध के निर्माण की नहीं, बल्कि 20 से 25 गांवों के हजारों किसानों की उम्मीदों और उनके भविष्य से जुड़ी है। वर्षों से अधूरी पड़ी इस परियोजना को अब और अधिक समय तक लंबित रखना उचित नहीं है। शासन को किसानों के हित में जल्द ठोस निर्णय लेकर बांध का निर्माण पूरा कराना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने इस मांग के संबंध में आश्वासन दिया। मंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्र के किसानों में बांध निर्माण को लेकर नई उम्मीद जगी है। हालांकि अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दशकों से अधूरी पड़ी इस परियोजना को पूरा करने की दिशा में शासन-प्रशासन कब तक ठोस कदम उठाता है।
जिला पंचायत सदस्य शिवा साहू ने कहा कि किसानों की खुशहाली ही क्षेत्र के वास्तविक विकास की पहचान है। जब किसान समृद्ध होंगे, तभी गांव और क्षेत्र आर्थिक रूप से मजबूत होंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग पर शासन सकारात्मक पहल करेगा और गड़ईनखोलिया बांध के अधूरे निर्माण को पूरा कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि वर्ष 1970 से अधूरा पड़ा गड़ईनखोलिया बांध आखिर कब पूरा होगा और क्षेत्र के 20 से 25 गांवों के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी कब पहुंचेगा? प्रभारी मंत्री के आश्वासन के बाद किसानों की निगाहें अब शासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।