सारंगढ़

गरीब बच्चों के चेहरों पर सतीश यादव ने बिखेरी दीपावली की खुशियां…

सारंगढ़। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और आतिशबाजी करने का नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला भरने का भी संदेश देता है। इसी मानवीय भावना को आत्मसात करते हुए समाजसेवी सतीश यादव ने दीपावली के पावन अवसर पर शहर की गरीब बस्ती में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों और बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उनके इस आत्मीय प्रयास ने गरीब बस्ती के बच्चों की दीपावली को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर समाजसेवी सतीश यादव ने बस्ती के जरूरतमंद बच्चों को दीपावली के उपहार स्वरूप नए कपड़े, पटाखे और मिठाइयां वितरित कीं। लंबे समय से अपनी खुशियों को सीमित संसाधनों में मनाने वाले बच्चों के चेहरों पर नए कपड़े और पटाखे पाकर जो मुस्कान देखने को मिली, वह इस आयोजन की सबसे बड़ी खुशी रही। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ दीपावली का स्वागत किया।

इस दौरान सतीश यादव ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब समाज का हर वर्ग इस पर्व की खुशियों में शामिल हो। त्योहारों की सार्थकता केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि उन घरों तक खुशियां पहुंचाने में है, जहां आर्थिक परिस्थितियों के कारण उत्सव की चमक फीकी पड़ जाती है। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर गरीबों और जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों के दीप जलाने चाहिए।

सतीश यादव की इस संवेदनशील पहल की बस्तीवासियों ने सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उनका यह प्रयास समाज को आपसी सहयोग, सेवा और मानवता का संदेश देने वाला रहा। वास्तव में दीपावली की सबसे बड़ी रोशनी मिट्टी के दीयों में नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर खिलने वाली मुस्कान में होती है।

Back to top button