सारंगढ़

वृद्धाश्रम में बच्चों ने बुजुर्गों संग मनाई दीपावली, खिल उठे चेहरे…

सारंगढ़। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं, बल्कि रिश्तों में अपनापन और खुशियां बांटने का भी संदेश देता है। इसी मानवीय भावना को साकार करते हुए श्री शांति सीता सेवा समिति सारंगढ़ के परिवार के बच्चों ने इस वर्ष दीपावली का पर्व आशा निकेतन वृद्धाश्रम में बुजुर्ग माता-पिताओं के साथ हर्षोल्लास और आत्मीयता से मनाया।

इस दौरान बच्चों ने वृद्धजनों के साथ मिलकर छोटी-छोटी फुलझड़ियां जलाकर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। फुलझड़ियों की जगमगाती रोशनी और बच्चों की खिलखिलाहट से पूरा वृद्धाश्रम परिसर खुशियों से सराबोर हो उठा। लंबे समय बाद बुजुर्गों को बच्चों के साथ त्योहार मनाने का अवसर मिला, जिससे उनके चेहरों पर विशेष उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी।

कार्यक्रम के दौरान सभी बुजुर्ग माता-पिताओं को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया गया तथा स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। समिति के बच्चों ने एक-एक बुजुर्ग के पास पहुंचकर उनका हालचाल जाना, उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। बच्चों का यह स्नेह और सम्मान देखकर वृद्धजन भावुक हो उठे। उन्होंने भी बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की।

समिति के इस अनूठे प्रयास ने यह साबित कर दिया कि त्योहारों की असली खुशियां महंगे उपहारों और आतिशबाजी में नहीं, बल्कि किसी के जीवन में मुस्कान लाने और अपनों जैसा अपनापन देने में छिपी होती हैं। वृद्धाश्रम में मनाया गया यह दीपोत्सव बुजुर्गों और बच्चों दोनों के लिए अविस्मरणीय बन गया।

श्री शांति सीता सेवा समिति के इस सराहनीय प्रयास की लोगों ने प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में ऐसे आयोजन निरंतर होने चाहिए, ताकि बुजुर्गों को अकेलेपन का एहसास न हो और उनके जीवन में भी खुशियों के दीप जलते रहें।

Back to top button