सारंगढ़

यात्रियों के इंतजार का ठिकाना बना कूड़ाघर, भटगांव का प्रतीक्षालय बदहाल…

भटगांव। शासन-प्रशासन भले ही यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन नगर पंचायत भटगांव की जमीनी तस्वीर इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। नगर के मुख्य चौराहे बिर्रा-चांपा मोड़ पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय आज बदहाली, गंदगी और उपेक्षा का शिकार हो चुका है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों के बैठने के लिए बनाया गया यह प्रतीक्षालय अब कूड़ेदान और मवेशियों का ठिकाना बनकर रह गया है।

नगर पंचायत भटगांव के वार्ड क्रमांक-1 में स्थित यह प्रतीक्षालय बिर्रा-चांपा मुख्य मार्ग का प्रमुख यात्री पड़ाव है। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री, स्कूली छात्र-छात्राएं और ग्रामीण बिर्रा, जांजगीर-चांपा, रायपुर एवं बिलासपुर जाने के लिए बसों का इंतजार करते हैं। लेकिन प्रतीक्षालय की बदहाल स्थिति के चलते लोगों को सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

प्रतीक्षालय की दुर्दशा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्लेटफार्म की टाइल्स जगह-जगह से टूट चुकी हैं। किनारे लगी स्टील की रेलिंग उखड़कर नीचे झूल रही है। साइड की दीवार टूटकर गिर चुकी है और उसके मलबे के रूप में ईंट-पत्थर परिसर में बिखरे पड़े हैं। शेड के भीतर और सीढ़ियों के आसपास कचरे का ढेर जमा है। पेड़ों की जड़ें बाहर निकल आई हैं तथा परिसर में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। ऐसे में जहरीले सांप-बिच्छुओं का खतरा भी बना हुआ है।

विडंबना यह है कि यात्रियों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियां भी अब गायब हो चुकी हैं। आखिर ये कुर्सियां कहां गईं, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। प्रतीक्षालय में न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है और न ही नियमित साफ-सफाई होती है। शाम ढलते ही अंधेरे और गंदगी के कारण यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतीक्षालय धीरे-धीरे नशाखोरी और अव्यवस्था का केंद्र बनता जा रहा है।

इस बदहाली का सबसे ज्यादा खामियाजा बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। जिस प्रतीक्षालय का निर्माण यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने तथा आराम से बैठकर बस का इंतजार करने के लिए किया गया था, वह आज अपने मूल उद्देश्य से भटक चुका है। बारिश और तेज धूप में यात्रियों को कोई राहत नहीं मिल रही है।

हैरानी की बात यह है कि स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आई है। नगर के जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। आखिर जनता की मूलभूत सुविधाओं के रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है? सरकारी धन से बने सार्वजनिक परिसरों की ऐसी दुर्दशा पर जवाबदेही कब तय होगी?

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या नगर पंचायत भटगांव के जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं? यात्रियों की मांग है कि प्रतीक्षालय की तत्काल मरम्मत कराई जाए, टूटी दीवार और रेलिंग दुरुस्त की जाए, गायब कुर्सियों की जांच हो तथा नियमित साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनता को सुविधा देने के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय को फिर से उपयोगी बनाने की जिम्मेदारी अब नगर पंचायत को निभानी होगी।

Back to top button