ईमानदार अधिकारी के तबादले पर छलका समाज का दर्द, जी.आर. कुर्रे को भावभीनी विदाई…

सारंगढ़। जिला खाद्य अधिकारी श्री जी.आर. कुर्रे के अल्प समय में स्थानांतरण से समाज एवं कर्मचारी संगठनों में निराशा का माहौल है। उनके स्थानांतरण पर सतनामी विकास परिषद सारंगढ़ एवं कर्मचारी संघ द्वारा सतनाम भवन कुटेला में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान उपस्थित समाजजनों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए शासन के निर्णय पर खेद और नाराजगी जाहिर की।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि श्री कुर्रे ने अपने अल्प कार्यकाल में एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ, जिम्मेदार एवं संवेदनशील अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हुए सामाजिक सरोकारों और कर्मचारी हितों के प्रति भी सकारात्मक दृष्टिकोण रखा। ऐसे अधिकारी का इतनी जल्दी स्थानांतरण होना समाज एवं कर्मचारियों के लिए निराशाजनक है।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रदेश संयुक्त सचिव एवं छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष लैलून कुमार भारद्वाज ने श्री कुर्रे की कार्यशैली की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कुर्रे एक मिलनसार, जुझारू, ईमानदार एवं जिम्मेदार अधिकारी हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवाएं, सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण और कर्मचारियों के साथ सद्भावनापूर्ण व्यवहार हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने उनके आगामी कार्यकाल एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वहीं सतनामी विकास परिषद सारंगढ़ के अध्यक्ष बी.डी. भारद्वाज ने कहा कि श्री कुर्रे ने अपने शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन बेहद सराहनीय ढंग से किया है। सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति उनकी सक्रियता अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। समाज उनकी सेवाओं और सकारात्मक कार्यशैली को सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने भी अल्प समय में ऐसे उत्कृष्ट अधिकारी के स्थानांतरण पर खेद व्यक्त किया।
दीपावली की व्यस्तता के बावजूद समाज के बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, कर्मचारी नेता एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी सतनाम भवन कुटेला पहुंचकर समारोह में शामिल हुए। सम्मान से अभिभूत जिला खाद्य अधिकारी जी.आर. कुर्रे ने कहा कि सारंगढ़ के प्रबुद्धजनों एवं आम नागरिकों से उन्हें हमेशा स्नेह और आशीर्वाद मिला है। यहां उनका अनुभव बेहद अच्छा रहा है। यहां के लोगों का अपनापन और सहयोग वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान से वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सतनामी विकास परिषद अध्यक्ष बी.डी. भारद्वाज, उपाध्यक्ष एडवोकेट रमेश अनंत, सचिव तेजश्वर रात्रे, कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष लैलून कुमार भारद्वाज, एडवोकेट ऊधो राम कोसले, पूर्व अध्यक्ष के.एल. जांगड़े, पूर्व अध्यक्ष शंकर जांगड़े सहित बड़ी संख्या में समाज के कर्मचारी नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्री कुर्रे की विदाई के दौरान जिस तरह समाज और कर्मचारियों ने उनके प्रति सम्मान, अपनापन और भावनाएं व्यक्त कीं, उससे यह स्पष्ट हुआ कि किसी अधिकारी की असली पहचान केवल उसका पद नहीं, बल्कि उसका व्यवहार, ईमानदारी और जनता के बीच बनाई गई विश्वसनीयता होती है।