दीपावली मिलन में दिखी नपा परिवार की एकजुटता, अजय बंजारे ने बांटी खुशियां…

सारंगढ़। दीपावली के पावन पर्व पर नगर पालिका परिषद सारंगढ़ में उत्साह, उमंग और उल्लास के बीच दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय बंजारे ने नगर पालिका के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते हुए सभी को पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान अजय बंजारे ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास, एकता और भाईचारे को मजबूत करने का पावन अवसर है। ऐसे आयोजन आपसी सामंजस्य और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं तथा सभी को एक परिवार की तरह मिल-जुलकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों के योगदान और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि नगर के विकास और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी के सामूहिक प्रयासों और समर्पण से ही नगर विकास की दिशा में आगे बढ़ता है।
इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और हर्षोल्लास के साथ पर्व की खुशियां मनाईं। समारोह ने नपा परिवार के बीच आपसी अपनत्व, सौहार्द और एकजुटता की भावना को और मजबूत किया।