सारंगढ़

खाकी ने जीता दिल! दिव्यांग बच्चों के बीच दीपावली मनाने पहुंचे SP सुनील शर्मा, खुशियों से रोशन किया नौनिहालों का संसार…

सारंगढ़। वर्दी का रुतबा जब इंसानियत की संवेदना से मिलता है, तो समाज में एक अलग ही मिसाल कायम होती है। कुछ ऐसा ही भावुक और प्रेरणादायक दृश्य दीपावली के पावन अवसर पर सारंगढ़ में देखने को मिला, जहां जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा अपनी व्यस्त जिम्मेदारियों के बीच प्रांजल दिव्यांग स्कूल पहुंचे और वहां अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। एसपी की इस आत्मीय पहल ने बच्चों के चेहरों पर ऐसी मुस्कान बिखेरी, जो किसी भी उपहार से कहीं अधिक अनमोल थी।

दीपावली के अवसर पर एसपी सुनील शर्मा ने स्कूल पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और उन्हें अपनेपन का एहसास कराया। उन्होंने बच्चों को मिठाई, फल एवं फटाखे वितरित किए। त्योहार के मौके पर उपहार पाकर बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बच्चों की खिलखिलाहट और चेहरों पर झलकती खुशी ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। एसपी ने बच्चों के बीच समय बिताकर यह संदेश दिया कि दीपावली की असली सार्थकता दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने में है।

इस दौरान एसपी सुनील शर्मा ने स्कूल की आवश्यकताओं को भी गंभीरता से समझा और राशन-पानी की व्यवस्था के लिए आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। उनका यह सहयोग केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि दिव्यांग बच्चों और उनके संस्थान के प्रति संवेदना, अपनत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक है। उन्होंने जिस आत्मीयता के साथ बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटीं, उसने पुलिस की मानवीय छवि को भी एक नई पहचान दी।

इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव सहित पुलिस विभाग की टीम भी मौजूद रही। पुलिस टीम ने भी बच्चों के साथ दीपावली का पर्व मनाकर उनके उत्साह को दोगुना कर दिया। पुलिस अधिकारियों की इस पहल से बच्चों को यह एहसास हुआ कि समाज में उनके प्रति स्नेह, सम्मान और सहयोग की भावना रखने वाले लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं।

अक्सर खाकी वर्दी की चर्चा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर होती है, लेकिन प्रांजल दिव्यांग स्कूल में एसपी सुनील शर्मा ने खाकी का एक ऐसा चेहरा प्रस्तुत किया, जिसमें संवेदनशीलता, सेवा और मानवता की झलक साफ दिखाई दी। यह पहल बताती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध पर अंकुश लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के साथ खड़े रहना भी उसकी महत्वपूर्ण सामाजिक भूमिका है।

दीपावली के इस पावन अवसर पर दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर मिठाई, फल, फटाखे और आर्थिक सहयोग प्रदान करना निश्चित रूप से सराहनीय पहल है। एसपी सुनील शर्मा, थाना प्रभारी प्रमोद यादव एवं उनकी टीम ने अपने इस छोटे लेकिन भावनात्मक प्रयास से यह साबित किया कि त्योहार की असली रोशनी दीयों से नहीं, बल्कि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने से फैलती है।

Back to top button