सारंगढ़

आर्थिक तंगी नहीं बनेगी PSC की राह में रोड़ा, सारंगढ़ में शुरू होगी निःशुल्क कोचिंग…

सारंगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी और राहतभरी पहल की जा रही है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की विशेष पहल पर जिला प्रशासन अब जिले के शिक्षित, प्रतिभावान एवं आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए निःशुल्क पीएससी कोचिंग शुरू करने जा रहा है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के ऐसे युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, जो छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) सहित विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक परिस्थितियों के चलते महंगी कोचिंग संस्थानों का लाभ नहीं उठा पाते। जिला प्रशासन की इस पहल से ऐसे प्रतिभावान अभ्यर्थियों को अपने सपनों को साकार करने की दिशा में नई उम्मीद और मजबूत आधार मिलेगा।

प्रस्तावित निःशुल्क कोचिंग में विषय विशेषज्ञों द्वारा अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्यापन एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम की बेहतर समझ, महत्वपूर्ण विषयों की तैयारी, प्रश्नों के विश्लेषण, समय प्रबंधन और परीक्षा में सफलता प्राप्त करने की प्रभावी रणनीति के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। इससे अभ्यर्थियों को व्यवस्थित तरीके से तैयारी करने और अपनी कमजोरियों को दूर करने में मदद मिलेगी।

पीएससी एवं अन्य राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के इच्छुक युवा निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकेंगे। पंजीयन से संबंधित लिंक जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र जारी किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि लिंक जारी होने के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीयन अवश्य कराएं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर चयन एवं आगे की प्रक्रिया तथा कोचिंग संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन द्वारा अलग से जारी की जाएगी।

जिला प्रशासन की यह पहल केवल कोचिंग उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को भी बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की इस पहल से जिले के उन युवाओं में नई उम्मीद जगी है, जो प्रशासनिक सेवाओं में जाने का सपना देखते हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रतिभा, मेहनत और लगन रखने वाले युवाओं के सपनों के बीच आर्थिक कठिनाइयां बाधा न बनें और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के युवा भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन कर सकें।

Back to top button