सारंगढ़

मुड़पार में भागवत कथा की बही भक्ति की बयार, विधायक उत्तरी जांगड़े ने पहुंचकर लिया आशीर्वाद…

सारंगढ़। ग्राम मुड़पार (बड़े) में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में इन दिनों भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। पूरे कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है तथा राधे-राधे के जयघोष से गांव गुंजायमान हो रहा है।

इस धार्मिक आयोजन में लोकप्रिय विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान कथा व्यास से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण किया। उनके साथ जनपद पंचायत सदस्य रघुनाथ साहू, शशि कोमल पटेल, भैरव जाटवर, सतीश अजय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं किसान नेता राकेश पटेल, किशन जायसवाल, अरविंद साहू सहित अन्य साथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, आपसी प्रेम, एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को धर्म, संस्कृति और अच्छे संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए समस्त आयोजक मंडल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति के लिए भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की गई। आयोजक टीम के सदस्यों के प्रति स्नेह और शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए सभी ने कामना की कि गांव में इसी तरह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन निरंतर होते रहें, जिससे सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की परंपरा मजबूत बनी रहे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भक्तिभाव के साथ कथा का आनंद लिया और राधे-राधे के जयघोष से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

Back to top button