राज्योत्सव में अपेक्षा-अनुषा के कथक ने बांधा समां, तालियों से गूंजा खेलभांठा…

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर खेलभांठा में आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह में नन्हीं बाल प्रतिभाओं अपेक्षा केशरवानी एवं अनुषा केशरवानी ने अपनी मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दोनों बाल कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण मुद्राओं, आकर्षक पद संचालन और शानदार तालमेल से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया।
कथक नृत्य की पारंपरिक सुंदरता, भारतीय संस्कृति और समृद्ध कला विरासत को दोनों ने अपनी शानदार प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया। उनकी प्रत्येक भाव-भंगिमा और नृत्य की लयबद्धता ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने लगातार तालियां बजाकर दोनों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक केरबाई, जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। वहीं मंडल अध्यक्ष निखिल बानी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी भी समारोह के साक्षी बने।
विशेष बात यह रही कि इतनी कम उम्र में अपेक्षा और अनुषा ने जिस आत्मविश्वास, अनुशासन, समर्पण और कला के प्रति लगन का परिचय दिया, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। उनकी प्रस्तुति ने न केवल समारोह की रौनक बढ़ाई, बल्कि सारंगढ़ की सांस्कृतिक प्रतिभा और गौरव को भी नई पहचान दी।
दोनों बाल प्रतिभाओं की इस उपलब्धि से परिवारजनों सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। उनकी शानदार प्रस्तुति ने यह साबित कर दिया कि उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और प्रोत्साहन मिले तो छोटी उम्र में भी बड़ी प्रतिभाएं अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।