त्योहार से पहले मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, लिए गए नमूने…

सारंगढ़। आगामी त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में मिठाई प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ विकासखंड के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने एकत्रित किए।
निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने मिठाई दुकानों में तैयार एवं बिक्री के लिए रखे गए विभिन्न उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अंजीर कलाकंद, खोवा (मावा), कलाकंद, बेसन लड्डू, बालूशाही, मोतीचूर लड्डू, पेड़ा सहित अन्य मिठाइयों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। विभाग द्वारा इन नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला जांच में यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट, गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन अथवा असुरक्षित तत्व पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कारोबारियों को चेतावनी दी है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मिठाई प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, दुकानों में साफ-सफाई, उचित भंडारण और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी कारोबारियों को वैध खाद्य अनुज्ञप्ति अथवा पंजीयन सुनिश्चित करने तथा खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी नहीं करने की हिदायत दी गई।
इस सघन निरीक्षण अभियान में अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण पटेल एवं सुमन अग्रवाल शामिल रहे। विभाग ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले के अन्य क्षेत्रों में भी मिठाई दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रहेगा और संदेहास्पद खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी।
त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावट पर अंकुश लगाने और आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की उम्मीद है। अब सभी की नजर प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट पर रहेगी, जिसके आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई तय होगी।