धान खरीदी से पहले समितियों में प्राधिकृत अधिकारियों की नियुक्ति, किसानों को मिलेगी राहत…

बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार ने धान खरीदी की शुरुआत से पहले किसानों की सुविधा और सहकारी समितियों में व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शासन के निर्देशानुसार क्षेत्र की विभिन्न सहकारी समितियों में प्राधिकृत अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इस निर्णय से धान खरीदी के दौरान किसानों को होने वाली परेशानियों का मौके पर ही समाधान मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, सहकारी समिति सेन्दूरस में शिवरात्रि केशरवानी, सहकारी समिति टाटा में लेख सिंह रात्रे, सहकारी समिति मंधाईभाठा में धीरेंद्र यादव, सहकारी समिति रोहिना में बुधराम साहू तथा सलिहा घाट में रामगुलाल पटेल को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं बिलाईगढ़ क्षेत्र के पचरी में भी प्राधिकृत अधिकारी की नियुक्ति की गई है। इन सभी अधिकारियों को सीईओ डी.आर. भारद्वाज द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नियुक्तियों के बाद क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों का कहना है कि धान खरीदी के दौरान टोकन, तौल, पंजीयन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कई बार समस्याओं का सामना करना पड़ता है। समितियों में प्राधिकृत अधिकारियों की मौजूदगी से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सकेगा और किसानों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष जालान सहित साहू, दुर्गेश केशरवानी, धीरज सिंह, नगर पंचायत उपाध्यक्ष नारायण साहू, बंजारे, श्यामलाल साहू, गोविन्द, महेन्द्र साहू, जितेन्द्र साहू, योगेश साहू, यादव, कौशल अग्रवाल, पुरुषोत्तम बंजारे सहित अनेक लोगों ने नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बधाई देने वालों ने कहा कि सरकार का यह निर्णय किसानों के हित में सराहनीय पहल है। इससे धान खरीदी व्यवस्था अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुगम बनेगी। समितियों में अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी से किसानों को समय पर टोकन, धान की तौल और भुगतान संबंधी सुविधाएं बेहतर तरीके से मिल सकेंगी। साथ ही किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान होने से सहकारी समितियों के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत होगा।