सारंगढ़

5200 परिवारों को मिलेगा पीएम आवास का लाभ, ममता सिंह ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी…

 

सारंगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 में जनपद पंचायत सारंगढ़ को लगभग 5200 पात्र हितग्राहियों के आवास निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना का लाभ पात्र परिवारों तक समय पर पहुंचाने के लिए जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता राजीव सिंह ने अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को आवश्यक दस्तावेजों का संधारण कर ऑनलाइन प्रोफाइल शीघ्र पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारत सरकार द्वारा 11 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य को आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत 3.65 लाख नए आवासों का लक्ष्य आवंटित किया गया था। इसमें जनपद पंचायत सारंगढ़ को लगभग 5200 आवासों का लक्ष्य मिला है। वहीं, 30 अक्टूबर को जारी प्रथम सूची में 4325 से अधिक हितग्राहियों के नाम शामिल किए गए हैं। सूची के परीक्षण में 3787 हितग्राहियों का स्टेटस ‘प्रोफाइल इनकंप्लीट’ तथा 538 हितग्राहियों का ‘लैंड अलॉटमेंट लेटर पेंडिंग’ पाया गया है। दस्तावेजों की कमी और ऑनलाइन प्रक्रिया अधूरी होने के कारण हितग्राहियों की स्वीकृति में विलंब की स्थिति बन रही है।

इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह ने जनपद सीईओ, ग्राम पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों को निर्देशित किया है कि सभी पात्र हितग्राहियों के आधार कार्ड, जॉब कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि अभिलेख एवं पट्टा आबंटन पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण कर ऑनलाइन प्रोफाइल तत्काल पूर्ण कराएं। भूमिहीन हितग्राहियों के लिए नियमानुसार भूमि आबंटन की कार्रवाई प्राथमिकता से करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित कर हितग्राहियों के दस्तावेजों का सत्यापन कराने और अधूरे प्रकरणों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि योजना के लाभ से कोई भी वास्तविक पात्र परिवार वंचित नहीं रहना चाहिए।

जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह ने कहा कि सारंगढ़ के प्रत्येक पात्र परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा कराया जाएगा।

आवास प्लस 2.0 के तहत दस्तावेज सत्यापन और ऑनलाइन प्रोफाइल पूर्ण कराने की इस कवायद से हजारों जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान का सपना पूरा होने की उम्मीद जगी है।

Back to top button