सारंगढ़

नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम- बिनोद भारद्वाज

​सारंगढ़। श्रीराम आदर्श महिला महाविद्यालय, सारंगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पंचम दिवस पर एक भव्य बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। ‘नशा मुक्त समाज के लिए युवा’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज शामिल हुए।

​कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विनोद भारद्वाज ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है और राष्ट्र निर्माण के लिए उनका नशे से दूर रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने रासेयो स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से न केवल व्यक्तित्व का विकास होता है, बल्कि समाज में व्याप्त कुरीतियों और नशाखोरी के खिलाफ एक मजबूत जन-जागरूकता भी पैदा होती है। श्री भारद्वाज ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत कर एक स्वस्थ व स्वच्छ समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

​बौद्धिक परिचर्चा में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिका भारद्वाज एवं हायर सेकेंडरी स्कूल लेंधरा के कार्यक्रम अधिकारी सरोज कुमार साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकगण कमल कांत यादव, भारती यादव, प्रिया मैम, भारती साहू मैम, मनीषा मैम, शुक्रचंद यादव एवं मुकेश पटेल सहित बड़ी संख्या में रासेयो स्वयंसेवक व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Back to top button