सारंगढ़

गोमर्डा लात नाले मे मौत की पिकनिक.. दोस्तों की आंखों के सामने गायब हुआ युवक.. 14 घंटे बाद लात नाले के गहरे पानी में पेड़ के नीचे मिली लाश..

सारंगढ़।सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गोमर्डा अभ्यारण्य क्षेत्र में पिकनिक की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करने गए 22 वर्षीय युवक की लात नाले में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। करीब 14 घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद बुधवार सुबह युवक का शव नाले के गहरे पानी में एक पेड़ के नीचे फंसा मिला। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

​खाना बनाते रहे दोस्त, इधर नाले में समा गया युवक-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी कनकबीरा अंतर्गत ग्राम नरेश नगर निवासी राकेश सिदार (22 वर्ष), पिता बृजलाल सिदार, मंगलवार सुबह अपने दोस्तों के साथ गोमर्डा अभ्यारण्य के मौहाढोड़ा स्थित लात नाला में पिकनिक मनाने गया था। वहां पहुंचने के बाद कुछ दोस्त नहाने में मस्त हो गए, जबकि तीन-चार साथी खाना बनाने की तैयारी में जुट गए। इसी दौरान राकेश नहाने के लिए नाले की ओर गया। बताया जा रहा है कि खाना बना रहे साथियों ने राकेश को नाले के किनारे लगे जामुन के पेड़ पर चढ़ते हुए देखा था, लेकिन वह कब पानी में कूदा या फिसला, इसकी भनक किसी को नहीं लगी।

​भोजन के वक्त खुला गायब होने का राज-

कुछ देर बाद जब खाना तैयार हुआ और सभी दोस्त एक जगह इकट्ठा हुए, तो राकेश वहां नजर नहीं आया। अनहोनी की आशंका से घबराए दोस्तों ने नाले के आसपास काफी देर तक आवाज लगाई और खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बताया जा रहा है कि मृतक राकेश मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पानी में जाने के बाद उसे दौरा पड़ा होगा। थक-हारकर दोस्तों ने गांव लौटकर परिजनों और ग्रामीणों को इस अनहोनी की सूचना दी।

​14 घंटे की मशक्कत के बाद गहरे पानी से निकला शव–

युवक के लापता होने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मंगलवार को ही ग्रामीणों की टीम ने लात नाला और आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर रात तक सफलता नहीं मिली। मामले की सूचना कनकबीरा पुलिस चौकी को दी गई। बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने फिर से तलाश शुरू की। इसी बीच स्थानीय तैराक ग्रामीणों को नाले के गहरे हिस्से में एक पेड़ के नीचे राकेश का शव दिखाई दिया। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

Back to top button