छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़:नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री का खुलासा, जाति बदलकर बनाते थे फर्जी दस्तावेज; अब DNA टेस्ट से होगी पहचान…

राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस की जांच में सामने आया है कि सिंडिकेट बच्चों की मांग के अनुसार उनके जाति संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर कर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करवाता था.

कथित तौर पर उच्च जाति का प्रमाण दिखाकर नवजातों का सौदा 5 से 10 लाख रुपये तक में किया जाता था. अब पुलिस बेचे गए बच्चों के वास्तविक माता-पिता की पहचान के लिए डीएनए जांच कराने की तैयारी कर रही है.

मैरेज ब्यूरो संचालक की गिरफ्तारी से सामने आई नई कड़ी

इस मामले में पुलिस ने कबीर नगर के आशियाना अपार्टमेंट निवासी मैरेज ब्यूरो संचालक जितेंद्र खेतान (36) को गिरफ्तार किया है. वह इस मामले में गिरफ्तार किया गया सातवां आरोपी है. जांच के मुताबिक, जितेंद्र सोशल मीडिया के जरिए गिरोह की मास्टरमाइंड कृतिका साहू के संपर्क में आया था. दूसरे बच्चे की इच्छा के चलते उसने दिसंबर 2025 में डेढ़ लाख रुपये देकर एक बच्ची ली थी. बाद में कथित तौर पर कमीशन के लालच में वह खुद गिरोह का दलाल बन गया.

पुलिस के अनुसार, जितेंद्र ने कृतिका साहू और गीतिका नाग के साथ मिलकर 11 महीने के भीतर चार नवजातों का सौदा कराया. प्रत्येक बच्चे के सौदे पर उसे डेढ़ से दो लाख रुपये तक कमीशन मिलता था. उसके पास से बरामद एक बच्ची को वैध दस्तावेज नहीं मिलने के कारण बाल कल्याण समिति के निर्देश पर मातृछाया में रखा गया है.

डीएनए जांच से सामने आएगी बच्चों की असली पहचान

पुलिस अब उन नवजातों की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है, जिन्हें गिरोह के जरिए अलग-अलग परिवारों तक पहुंचाया गया. जैविक माता-पिता और बच्चों के संबंधों की पुष्टि करने के लिए डीएनए टेस्ट की तैयारी की जा रही है. जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश होगी कि बच्चों को किन परिवारों से लिया गया और किन लोगों को सौंपा गया.

अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में

नवजातों की खरीद-बिक्री के इस नेटवर्क में अस्पतालों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है. दिवाकर और साई अस्पताल के बाद अब समता कॉलोनी और बढ़ईपारा स्थित दो अन्य निजी अस्पतालों में हुई डिलीवरी की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजातों की पहचान, जन्म संबंधी दस्तावेज और उन्हें गिरोह तक पहुंचाने में किसी अस्पताल या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं रही.

आठ राज्यों तक फैला नेटवर्क, एसआईटी की टीमें रवाना

पुलिस के अनुसार, इस सिंडिकेट का नेटवर्क छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु तक फैला हुआ है. बाहरी राज्यों में सक्रिय खरीदारों और बिचौलियों की तलाश के लिए एसआईटी की टीमें महाराष्ट्र, तेलंगाना समेत अन्य राज्यों में भेजी गई हैं.

अब तक इस मामले में कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या नामदेव, डॉ. खीर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और जितेंद्र खेतान समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नवजातों की खरीद-बिक्री के पूरे तंत्र का खुलासा होने की उम्मीद है.

Back to top button