सारंगढ़

दहिदा रेत खदान में ‘लूट’ का खुला खेल की शिकायत.. 290 की रेत 900 में, ऊपर से 400 रुपये की बिना रसीद ‘गुंडागर्दी’.. ​सरकारी दरों को ठेंगा दिखाकर रेत ‘अंधाधुंध वसूली’… ​जनपद पंचायत ने खोला मोर्चा..कलेक्टर को पत्र लिखकर की खनिज, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम से जांच की मांग…

​​सारंगढ़। ग्राम पंचायत दहिदा में संचालित रेत खदान इन दिनों सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाने और खुलेआम अवैध वसूली का अड्डा बनती नजर आ रही है। शासन द्वारा निर्धारित दरों को ताक पर रखकर तिगुनी रकम वसूलने, अतिरिक्त लोडिंग शुल्क के नाम पर जेब काटने और बिना वैध रसीद के पैसे ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस ‘अंधेरगर्दी’ के खिलाफ अब जनपद पंचायत ने मोर्चा खोल दिया है और कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

​290 रुपये का सरकारी रेट, वसूले जा रहे 900 रुपये-

शिकायत में जो आंकड़े सामने आए हैं, वे खदान संचालन में चल रही बड़ी मनमानी की ओर इशारा करते हैं। शासन ने रेत की दर 290 रुपये प्रति घन मीटर निर्धारित की है, लेकिन आरोप है कि खदान ठेकेदार द्वारा रेत लेने पहुंचने वाले वाहनों से कथित तौर पर 900 रुपये प्रति घन मीटर तक वसूले जा रहे हैं। यानी सीधे तौर पर निर्धारित दर से तीन गुना अधिक रकम वसूली जा रही है।

​बिना रसीद के 400 रुपये ‘लोडिंग टैक्स’-

अवैध वसूली का खेल यहीं नहीं रुकता। आरोप है कि खदान में आने वाले प्रत्येक ट्रैक्टर मालिक से 400 रुपये अतिरिक्त लोडिंग शुल्क के नाम पर वसूले जा रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस अतिरिक्त राशि के बदले वाहन मालिकों को कोई वैध रसीद नहीं दी जा रही है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि बिना रसीद वसूली जा रही इस मोटी रकम का हिसाब-किताब किसके पास जा रहा है और जिम्मेदार विभागों की नाक के नीचे यह समानांतर व्यवस्था किसकी शह पर चल रही है?

​संयुक्त टीम से जांच और कार्रवाई की मांग-

स्थानीय ट्रैक्टर संचालकों पर पड़ रहे इस दोहरे आर्थिक बोझ और नियमों के खुले उल्लंघन को देखते हुए जनपद पंचायत ने मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में मांग की गई है कि खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित कर तत्काल खदान का औचक निरीक्षण कराया जाए। शिकायत में रॉयल्टी दरों के भौतिक सत्यापन, बिना रसीद वसूली की जांच और दोषी पाए जाने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।

​कलेक्टर के एक्शन का इंतजार-

दहिदा रेत खदान का यह मामला कलेक्टर की चौखट तक पहुंचने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी, लेकिन इस शिकायत ने खनिज विभाग की कार्यप्रणाली और खदानों की निगरानी व्यवस्था पर बड़े सवालिया निशान जरूर लगा दिए हैं। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या मौके पर जाकर दूध का दूध और पानी का पानी किया जाएगा, या फिर रसूख के आगे फाइलें दबकर रह जाएंगी।

Back to top button