सारंगढ़

मिलावटी शराब के सौदागरों पर आनंद वर्मा का करारा प्रहार, दो आरोपी जेल दाखिल!

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब और मिलावटखोरी के कारोबार पर लगाम लगाने आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग वृत्त कोसीर की टीम ने ग्राम अंडोला में बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी देशी शराब के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा की सक्रियता, तत्परता और प्रभावी कार्यशैली विशेष रूप से सराहनीय रही। उनकी अगुवाई में विभागीय टीम ने न केवल अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा, बल्कि मिलावट के लिए इस्तेमाल की जा रही सामग्री भी जब्त की।

आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जिला आबकारी अधिकारी सुशांत तिवारी के मार्गदर्शन में 5 नवंबर 2026 को यह कार्रवाई की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम अंडोला में इमरान लहरे और जैतराम अजय अपने रिहायशी मकान में भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब रखकर प्लास्टिक की शीशियों और ढक्कनों की मदद से उसमें मिलावट कर अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं।

सूचना की पुष्टि होते ही आबकारी विभाग वृत्त कोसीर की टीम ने मौके पर पहुंचकर गवाहों एवं आरोपियों की उपस्थिति में विधिवत तलाशी ली। जांच के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से मिलावटी देशी प्लेन शराब और अवैध कारोबार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।

कार्रवाई में इमरान लहरे पिता जयकुमार, निवासी अंडोला के कब्जे से 8.75 लीटर मिलावटी देशी प्लेन शराब जब्त की गई। वहीं दूसरे आरोपी जैतराम अजय पिता निचराम, निवासी अंडोला के पास से 14.04 लीटर यानी 78 पाव मिलावटी देशी प्लेन शराब, 490 नग ढक्कन तथा देशी मदिरा प्लेन के लेबल लगी 225 खाली प्लास्टिक शीशियां बरामद की गईं। दोनों मामलों में कुल 22.79 लीटर मिलावटी शराब जब्त की गई।

आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत दो प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल दाखिल कराया गया है।

आनंद वर्मा की सक्रियता बनी कार्रवाई की ताकत

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा का विशेष योगदान उल्लेखनीय रहा। अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उनकी सक्रियता और विभागीय टीम के साथ समन्वय सराहनीय है। मिलावटखोरी जैसे गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई कर उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं विवेचना अधिकारी आबकारी उपनिरीक्षक रागिनी नायक, लोकनाथ साहू एवं हमराह स्टाफ की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।

जिले में अवैध शराब और मिलावटखोरी के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई से आम नागरिकों की सुरक्षा और आबकारी नियमों के पालन को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि विभाग आगे भी इसी सक्रियता के साथ अवैध शराब के नेटवर्क पर कितनी सख्ती से कार्रवाई जारी रखता है।

Back to top button