सारंगढ़

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सजने लगा सारंगढ़, खेल भाठा मैदान में विकास कार्यों के भूमिपूजन-लोकार्पण और आमसभा की तैयारी तेज…

सारंगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित सारंगढ़ दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आगामी 30 नवंबर, सोमवार को मुख्यमंत्री का सारंगढ़ जिला मुख्यालय आगमन प्रस्तावित है। इस दौरान स्थानीय खेल भाठा मैदान में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण तथा विशाल आमसभा आयोजित किए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और कार्यक्रम को व्यवस्थित, भव्य एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

इसी सिलसिले में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने खेल भाठा मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच निर्माण, अतिथियों एवं आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग स्थल, आवागमन मार्ग, सुरक्षा इंतजाम सहित कार्यक्रम से जुड़ी तमाम महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने हेलीपैड की तैयारियों, सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभागीय उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए लगाए जाने वाले स्टॉलों के निर्धारित स्थलों का भी अवलोकन किया गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो सके।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा आम नागरिकों की सुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

वहीं पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, वाहन पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने को कहा, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम सारंगढ़ श्री डी.एस. राजपूत, डिप्टी कलेक्टर श्री विजय सिंह राणा, नगर पालिका सारंगढ़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, एसडीओपी सारंगढ़, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर खेल भाठा मैदान में तैयारियों का सिलसिला तेज हो गया है। प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।

Back to top button