किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का कवच पहनाने निकला स्वास्थ्य विभाग, सारंगढ़ में एचपीवी जागरूकता अभियान तेज…

सारंगढ़। किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव को लेकर सारंगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रचार वाहनों को मैदान में उतारा गया है, जो शहरी क्षेत्रों से लेकर दूरस्थ ग्रामीण इलाकों तक पहुंचकर अभिभावकों और किशोरियों को जागरूक करेंगे।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस अभियान के तहत जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने तीन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन सारंगढ़, बरमकेला एवं बिलाईगढ़ विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर एचपीवी टीकाकरण के महत्व, इसके लाभ तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव संबंधी जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और उनके अभिभावकों के बीच एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाना है, ताकि सही जानकारी के अभाव, भ्रांतियों अथवा जागरूकता की कमी के कारण कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रह जाए। प्रचार वाहनों के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाने की पहल की गई है, जिससे अधिक से अधिक परिवार इस अभियान से जुड़ सकें।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने एचपीवी टीकाकरण को सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने का महत्वपूर्ण एवं प्रभावी उपाय बताते हुए कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पात्र बालिकाओं के टीकाकरण को लेकर जागरूक रहें और स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास केवल टीकाकरण तक सीमित नहीं, बल्कि किशोरियों के स्वास्थ्य को लेकर समाज में जागरूकता, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। प्रचार वाहनों के माध्यम से जिले के विभिन्न इलाकों में लोगों तक पहुंचकर यह संदेश दिया जाएगा कि समय पर जागरूकता और टीकाकरण से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में मदद मिल सकती है।
जिले में शुरू किया गया यह अभियान किशोरियों के स्वस्थ जीवन और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दें और पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित कर स्वास्थ्य सुरक्षा के इस प्रयास में सहभागी बनें।