सारंगढ़

संविधान दिवस पर सारंगढ़ के कटेली गांव में जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों ने सरोवर सफाई कर दिया स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश…

सारंगढ़। संविधान दिवस के अवसर पर संविधान के मूल आदर्शों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने ग्राम पंचायत कटेली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, शपथ, विद्यार्थियों के साथ संवाद और सरोवर की साफ-सफाई के लिए श्रमदान जैसे आयोजन किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी विशेषताओं, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक को संविधान के प्रति सम्मान रखते हुए अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उन्होंने संविधान के मूल आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने स्कूली बच्चों से संविधान से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान और समझ को परखा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब दिए और संविधान से जुड़ी अपनी जानकारी साझा की। बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को संवादात्मक और प्रेरणादायी बनाया। उपस्थित ग्रामीणों ने भी बच्चों के उत्साह और संविधान के प्रति उनकी समझ की सराहना की।

संविधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया तथा संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखने तथा संवैधानिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी चरण ग्राम के सरोवर की सफाई रहा, जिसमें जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान किया। सामूहिक श्रम के माध्यम से सार्वजनिक जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि तालाब, सरोवर और अन्य सार्वजनिक स्थल केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा धरोहर हैं, जिनकी स्वच्छता और संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर जल संरक्षण को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन, तालाबों एवं सरोवरों की नियमित सफाई, जल स्रोतों के रखरखाव तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने के महत्व से अवगत कराया गया। बताया गया कि भविष्य में जल संकट से बचने के लिए आज से ही जल संरक्षण के प्रति गंभीरता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। ग्रामीणों से अपने गांव को स्वच्छ रखने और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

संविधान दिवस पर ग्राम कटेली में आयोजित यह कार्यक्रम केवल संवैधानिक जागरूकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामूहिक शपथ और श्रमदान के माध्यम से सामाजिक सहभागिता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण का व्यवहारिक संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम ने यह प्रेरणा दी कि संविधान के आदर्शों को केवल पढ़ने और समझने तक सीमित न रखकर उन्हें दैनिक जीवन में अपनाना ही सच्ची नागरिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जिला पंचायत के एपीओ श्री शशिकांत गुप्ता, जनपद पंचायत सीईओ श्री आर.एस. नायक, पीओ सारंगढ़, जनपद अध्यक्ष श्रीमती ममता सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीणजन एवं स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Back to top button