आस्था, भक्ति और राजयोग के रंग में रंगा सारंगढ़, हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली भव्य कलश यात्रा; वीणा दीदी के आगमन से भक्तिमय हुआ नगर…

सारंगढ़। धर्म, अध्यात्म और भक्ति के संगम से गुरुवार को सारंगढ़ नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु भक्तजन उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ शामिल हुए। कर्नाटक के हुबली सेवा केंद्र से पधारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी वीणा दीदी के रथ पर सवार होकर यात्रा में शामिल होने से आयोजन का आकर्षण और बढ़ गया। नगर की सड़कों पर जयकारों, भजन, गाजे-बाजे, डीजे की धुन और आतिशबाजी के बीच आध्यात्मिक उत्सव का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
कलश यात्रा का शुभारंभ फुलझरिया पारा स्थित प्रभु पसंद भवन से हुआ। सुसज्जित रथ, कलश धारण किए श्रद्धालु, गाजे-बाजे की गूंज और भक्तों के जयकारों के साथ यात्रा आगे बढ़ी। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवाओं ने सहभागिता निभाई। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया तथा धार्मिक उल्लास के साथ यात्रा का अभिनंदन किया।
नंदा चौक पर अग्रवाल समाज ने किया आत्मीय स्वागत
कलश यात्रा फुलझरिया पारा से निकलकर छोटे मठ गली होते हुए नंदा चौक पहुंची, जहां अग्रवाल समाज के गणमान्य नागरिकों द्वारा राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी वीणा दीदी एवं कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं को मिष्ठान वितरित कर आत्मीयता और सम्मान प्रकट किया गया। अग्रवाल महिला मंडल की सदस्यों ने वीणा दीदी का श्रीफल एवं शाल भेंटकर सम्मान किया। इस दौरान श्रद्धा और सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
जयकारों और आतिशबाजी से गूंज उठा नगर
कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति और उल्लास के साथ आगे बढ़ते रहे। डीजे की धुन, धमाल, गाजे-बाजे और आतिशबाजी ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और राजयोगिनी वीणा दीदी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर की प्रमुख सड़कों पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति से धार्मिक वातावरण निर्मित रहा और आयोजन ने सामाजिक एकता तथा आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।
आजाद चौक से भारत माता चौक होते हुए प्रभु प्रिय भवन पहुंची यात्रा
नंदा चौक से आगे बढ़ते हुए कलश यात्रा आजाद चौक, भारत माता चौक और साप्ताहिक बाजार मार्ग से होकर आदर्श पेट्रोल पंप के सामने स्थित पवन बंसल के पवन ट्रेडर्स परिसर के प्रभु प्रिय भवन पहुंची। यहां राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी वीणा दीदी ने प्रभु प्रिय भवन का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही भवन को आध्यात्मिक गतिविधियों और ईश्वरीय संदेश के प्रसार के लिए समर्पित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया।
भव्य कलश यात्रा के माध्यम से सारंगढ़ में आध्यात्मिक जागृति, सद्भाव, सकारात्मक सोच और राजयोग मेडिटेशन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता और नगरवासियों के आत्मीय स्वागत ने आयोजन को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।