सारंगढ़

भाजपा जिलाध्यक्ष के इस्तीफे की खबर से सियासी भूचाल, ज्योतिलाल पटेल बोले ‘त्यागपत्र पूरी तरह फर्जी’…

सारंगढ़। भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन में जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल के कथित इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई। सोशल मीडिया और कुछ न्यूज पोर्टलों पर वायरल हो रहे कथित त्यागपत्र को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा, लेकिन जिलाध्यक्ष ने इस खबर को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि उन्होंने किसी प्रकार का इस्तीफा नहीं दिया है। उनके नाम से वायरल किया जा रहा पत्र पूरी तरह फर्जी है।

बताया जा रहा है कि स्पीड पोस्ट के माध्यम से जिलाध्यक्ष के नाम से एक कथित त्यागपत्र प्राप्त हुआ था। इस पत्र में प्रभारी मंत्री और जिला महामंत्री की कार्यप्रणाली को लेकर कथित आरोप लगाए गए थे तथा इस्तीफे की बात कही गई थी। पत्र सामने आने के बाद संगठन के भीतर और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गईं। देखते ही देखते कथित त्यागपत्र की खबर सोशल मीडिया और कुछ समाचार पोर्टलों पर प्रसारित होने लगी, जिससे जिले की राजनीति में हलचल मच गई।

हालांकि भाजपा जिला महामंत्री ने इस पूरे मामले को निराधार बताते हुए पत्र को फर्जी करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल पार्टी के निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उनके द्वारा इस्तीफा दिए जाने की बात पूरी तरह गलत है। पार्टी संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए इस तरह के पत्र और खबरों पर विश्वास नहीं किया जाना चाहिए।

जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि उन्होंने न तो इस्तीफा दिया है और न ही इस तरह का कोई पत्र भेजा है। उनके नाम से प्रसारित पत्र में प्रेषक का नाम, पता और मोबाइल नंबर भी गलत बताए गए हैं। ऐसे में कथित त्यागपत्र की सत्यता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि वर्तमान में जिलाध्यक्ष के परिवार में बेटे के विवाह का कार्यक्रम चल रहा है। ऐसे पारिवारिक आयोजन के बीच उनके नाम से इस्तीफे का पत्र भेजे जाने की बात को भी उन्होंने निराधार बताया है। पार्टी नेताओं की ओर से इस मामले को फर्जी पत्र के माध्यम से भ्रम फैलाने की कोशिश बताया जा रहा है।

अब इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल के नाम से कथित त्यागपत्र तैयार कर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजने वाला व्यक्ति कौन है? पत्र भेजने के पीछे उसका मकसद क्या था? क्या यह किसी राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है या संगठन के भीतर भ्रम पैदा करने की कोशिश? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं।

कथित इस्तीफे की खबर ने भले ही जिले की राजनीति में कुछ समय के लिए हलचल पैदा कर दी हो, लेकिन जिलाध्यक्ष की ओर से स्पष्ट खंडन के बाद इस्तीफे की चर्चाओं पर विराम लग गया है। अब इस मामले में पत्र की सत्यता, उसके प्रेषक और उद्देश्य को लेकर चर्चाएं जारी हैं।

Back to top button