बड़े सिलेंडर के कनेक्शन बंद : 10 किलो वाला महंगा, कनेक्शन लेने में 1189 अतिरिक्त खर्च…

रायपुर। रसोई गैस के नए कनेक्शन को लेकर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। 14.2 किलो वाले सामान्य घरेलू गैस सिलेंडर का नया कनेक्शन लेने के लिए एजेंसियों से संपर्क करने पर उपभोक्ताओं को निराशा हाथ लग रही है।
दोनों राज्यों में एजेंसियों ने नए कनेक्शन देना बंद होने की बात कही है। ऐसे में नए उपभोक्ताओं के सामने 10 किलो वाले छोटे कंपोजिट सिलेंडर का विकल्प है, लेकिन इसकी कीमत सामान्य घरेलू सिलेंडर के मुकाबले करीब ढाई गुना अधिक है।
नए कनेक्शन पर भी महंगाई की मार
कम गैस मिलने के बावजूद उपभोक्ता को रीफिलिंग के लिए 785 रुपए ज्यादा चुकाने पड़ रहे हैं। कनेक्शन लेने में भी छोटे सिलेंडर का विकल्प. 1,189 रुपए महंगा पड़ रहा है। 14.2 किलो वाला सिलेंडर सामान्य घरेलू एलपीजी श्रेणी में आता है, जबकि 10 किलो वाला कंपोजिट सिलेंडर अलग उत्पाद श्रेणी में बेचा जाता है। दोनों की मूल्य व्यवस्था और कनेक्शन की शर्ते अलग हो सकती हैं। उज्ज्वला योजना की सब्सिडी भी पात्र लाभार्थियों के लिए निर्धारित है, यह सभी उपभोक्ताओं को नहीं मिलती। ऐसे में बड़े सिलेंडर का नया कनेक्शन नहीं मिलने और छोटे सिलेंडर की अधिक कीमत के बीच नए उपभोक्ताओं के सामने महंगा विकल्प चुनने की मजबूरी बन रही है।
दोनों सिलेंडर लेने पर 24.2 किलो गैस की कीमत 2811
दोनों तरह के सिलेंडरों की कीमत का अंतर समझने के लिए कुल गैस और खर्च का गणित भी महत्वपूर्ण है। 14.2 किलो वाले सिलेंडर की रिफिलिंग कराने की कीमत 1,013 और 10 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 1,798 है। दोनों को जोड़ने पर कुल 24.2 किलो गैस के लिए 2,811 खर्च करने होंगे। इस हिसाब से औसत कीमत 116.16 प्रति किलो बैठती है। यह सामान्य सिलेंडर की 71.34 प्रति किलो कीमत से काफी अधिक है।
14.2 किलो वाले सिलेंडर के लिए एजेंसियों ने लौटाया
बैर्नबाजार स्थित लक्ष्मी गैस एजेंसी के संचालक ने बताया कि 14.2 किलो का नया कनेक्शन मिलना बंद हो गया है, अब 10 किलो वाला सिलेंडर का ही कनेक्शन मिलेगा।
बैरनबाजार स्थित आशीर्वाद काम्पलेक्स में संचालित इंडेन गैस एजेंसी दफ्तर में बैठे कर्मचारियों ने बताया कि अब 14.2 केजी का सिलेंडर नहीं मिलेगा। उसकी जगह 10 केजी का सिलेंडर ही मिलेगा।
राजीव गांधी चौक स्थित एचपी गैस एजेंसी दफ्तर के कर्मचारी ने बताया कि 10 केजी का ही नया कनेक्शन मिल रहा है। सिंगल सिलेंडर कनेक्शन की कीमत 4984 रुपए है। पुराना घरेलू सिलेंडर अब मिलना बंद हो गया है।
कनेक्शन के लिए भी 1189 ज्यादा
नए कनेक्शन की लागत में भी छोटे सिलेंडर का विकल्प महंगा है। 14.2 किलो वाले सामान्य घरेलू सिलेंडर का कनेक्शन करीब 3,800 में पड़ता था, जबकि 10. किलो वाले कंपोजिट सिलेंडर के ‘कनेक्शन के लिए 4,989 खर्च करने पड़ रहे हैं। यानी कम क्षमता वाला सिलेंडर लेने के लिए भी उपभोक्ता को 1,189 अतिरिक्त चुकाने होंगे।
4.2 किलो कम गैस, कीमत 785 रुपए ज्यादा
कीमतों का अंतर देखें तो 14.2 किलो वाले सामान्य घरेलू सिलेंडर की रीफिलिंग 1,013 में मिल रही है, जबकि 10 किलो वाले कंपोजिट सिलेंडर की कीमत 1,798 है। यानी छोटे सिलेंडर में 4.2 किलो गैस कम होने के बावजूद उपभोक्ता को 785 रुपए अधिक देने पड़ रहे हैं। प्रति किलो गैस की कीमत के लिहाज से भी दोनों में बड़ा अंतर है। सामान्य सिलेंडर में एक किलो गैस 71.34 की पड़ती है, जबकि छोटे सिलेंडर में इसकी कीमत 179.80 है। इस तरह छोटे सिलेंडर की गैस प्रति किलो करीब 2.52 गुना महंगी है।
उज्ज्वला में सब्सिडी से कीमत का अंतर और बढ़ेगा
सामान्य घरेलू सिलेंडर की कीमत और उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली सब्सिडी को जोड़कर देखें तो अंतर और अधिक हो जाता है। उज्ज्वला के पात्र उपभोक्ताओं को 300 की सब्सिडी मिलने पर 1,013 का सिलेंडर प्रभावी रूप से 713 का पड़ता है। इस हिसाब से प्रति किलो गैस की लागत 50.21 रह जाती है। दूसरी ओर छोटे कंपोजिट सिलेंडर पर यह सब्सिडी लागू नहीं होने से उपभोक्ताओं को 179.80 प्रति किलो की दर से गैस खरीदनी पड़ती है।