सुरक्षित आहार अभियान: 20 प्रतिष्ठानों की जांच, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई…

सारंगढ़। आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में 16 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ चलाया जा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन इस अभियान की सतत निगरानी कर रहा है। अभियान के शुरुआती दो दिनों यानी 16 और 17 नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 20 होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, रसोईघर की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, भोजन बनाने एवं परोसने की व्यवस्था और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की गुणवत्ता और उनके निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोग की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रतिष्ठानों के वैध लाइसेंस और पंजीयन की स्थिति भी परखी गई।
जांच के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियां पाई गईं, उनके संचालकों को सुधार सूचना जारी की गई है। साथ ही निर्धारित समय-सीमा में कमियों को दूर करने और खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीयन के निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस या पंजीयन के खाद्य कारोबार संचालित करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह विशेष अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य केवल प्रतिष्ठानों की जांच करना नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों में स्वच्छता और गुणवत्ता के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना तथा आम नागरिकों को मिलावटरहित, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने और आम लोगों से भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।