धान खरीदी में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, सड़क मरम्मत के निर्देश…

सारंगढ़। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में धान खरीदी की तैयारियों से लेकर सड़क मरम्मत, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों और विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों और आम नागरिकों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की जाए और जहां भी कमी मिले, उसे तत्काल दूर कराया जाए। इसके साथ ही अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रभावी निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सारंगढ़ से बलौदाबाजार मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति से आम नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों और विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा के भीतर संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
आपदा राहत के अंतर्गत आरबीसी 6-4 के लंबित प्रकरणों पर कलेक्टर ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र प्रभावित हितग्राहियों को नियमानुसार सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
विद्यार्थियों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सारंगढ़ के गढ़चौक से बस स्टैंड तक ई-रिक्शा संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम डी.एस. राजपूत, बिलाईगढ़ एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।