सारंगढ़

धान खरीदी पोर्टल से गायब हुए किसानों के नाम, टोकन के लिए भटक रहे अन्नदाता…

सारंगढ़। धान खरीदी केंद्र में अचानक हुए बदलाव ने सैकड़ों किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। धान बिक्री के लिए टोकन कटवाने पहुंचे किसानों को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पोर्टल पर उनके नाम ही दिखाई नहीं दिए। किसानों का कहना है कि पहले पोर्टल पर उनके नाम दर्ज थे, लेकिन अचानक व्यवस्था में बदलाव होने के बाद उनके नाम गायब हो गए। इसके चलते किसान टोकन कटवाने से वंचित रह गए और उन्हें बिना धान बिक्री की प्रक्रिया पूरी किए ही वापस लौटना पड़ा।

किसानों ने आरोप लगाया कि धान खरीदी व्यवस्था में बिना किसी पूर्व सूचना के बदलाव किया गया है। रातों-रात पोर्टल से नाम गायब होने के कारण किसानों के सामने धान बेचने का संकट खड़ा हो गया है। खरीदी सीजन के दौरान इस तरह की तकनीकी या प्रशासनिक गड़बड़ी से किसानों को समय और आर्थिक नुकसान उठाने की आशंका है।

किसानों का कहना है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान बेचने के लिए खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं, लेकिन पोर्टल में नाम नहीं होने के कारण उन्हें टोकन नहीं मिल पा रहा है। इससे किसानों में नाराजगी देखी जा रही है।

किसानों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि पोर्टल में आई समस्या की तत्काल जांच कर त्रुटि दूर की जाए। साथ ही जिन किसानों के नाम पहले पोर्टल पर दर्ज थे, उनके नाम दोबारा शामिल कर टोकन व्यवस्था सुचारू की जाए, ताकि अन्नदाताओं को समय पर अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Back to top button