गांवों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जन आरोग्य समिति सक्रिय, लेंधरा-उच्चभिठी में हुआ प्रशिक्षण…

सारंगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उप स्वास्थ्य केंद्र लेंधरा एवं उच्चभिठी में सोमवार को जन आरोग्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, जनभागीदारी बढ़ाने और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में समिति के सदस्यों को उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों और अधिकारों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। समिति में स्वास्थ्य सेवा प्रदाता, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, एनजीओ प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने वाले सदस्य शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध 12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। इसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन, सामान्य बीमारियों का उपचार, किशोर स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा संक्रामक एवं गैर-संक्रामक बीमारियों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। सदस्यों को बताया गया कि इन सेवाओं का लाभ गांव के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना समिति की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों को मिलने वाली राशि के पारदर्शी एवं उचित उपयोग, रिकॉर्ड संधारण और नियमित बैठक आयोजित करने पर भी विशेष चर्चा हुई। साथ ही प्रत्येक छह माह में आरोग्य सभा आयोजित करने पर जोर दिया गया। आरोग्य सभा के माध्यम से ग्रामीण अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, आवश्यकताओं और शिकायतों को सामने रख सकेंगे, जिससे उनका समाधान करने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षक के रूप में मितानिन कार्यक्रम से जुड़ी गीता चौहान एवं सुनीता टंडन ने समिति के सदस्यों को प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी, साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन, सरपंच, शिक्षक सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। जन आरोग्य समिति की यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।