सारंगढ़

सारंगढ़ में दो दिन में 312 क्विंटल धान की खरीदी, 145 किसानों ने बेचा…

 

सारंगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शुरू हो गया है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिले के धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान की खरीदी की जा रही है। खरीदी के शुरुआती दो दिनों में ही जिले में 145 किसानों से कुल 312.56 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। वहीं, पिछले खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में इसी अवधि में 103.36 क्विंटल धान की खरीदी हुई थी। इस बार शुरुआती आंकड़े पिछले वर्ष की तुलना में अधिक हैं।

धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू द्वारा विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार उपार्जन केंद्रों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप साफ एवं सूखा धान ही खरीदा जाएगा। धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित की गई है। खरीदी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक कांटों से तौल की जा रही है, ताकि किसानों को उनकी उपज का सही वजन मिल सके। प्रत्येक उपार्जन केंद्र में किसान हेल्पलाइन, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

वहीं, अवैध धान की आवक पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की है। कलेक्टर के निर्देश पर अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां तीन पारियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है, जो कोचियों, बिचौलियों, अवैध धान परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखेंगे।

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मोबाइल ऐप के माध्यम से 24 घंटे टोकन प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन का प्रयास है कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। शुरुआती दो दिनों में हुई खरीदी से जिले में धान खरीदी अभियान की अच्छी शुरुआत मानी जा रही है।

Back to top button