जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश…

सारंगढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें और मांगें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी ने भी आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना की सर्वे सूची में नाम जोड़ने तथा पात्र हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। वहीं ग्राम सुवांतल के आश्रित ग्राम महकमपुर में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय निर्माण कराने की मांग भी ग्रामीणों द्वारा रखी गई। ग्राम लोधिया निवासी दीना सिदार ने नवीन राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार प्राण चौहान ने दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने तथा जयमती ने आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया।
इसके अलावा भूमि सीमांकन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और मांगों को लेकर भी आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों का निष्पक्षता से परीक्षण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाते हुए समस्याओं का नियमानुसार निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।