सारंगढ़

घोघरा घाटी के पहाड़ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भजन-कीर्तन से गूंजा पूरा क्षेत्र; संजय भूषण पाण्डेय ने टेका मत्था..

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम पंचायत बैगिनडीह के आश्रित ग्राम घोघरा घाटी स्थित प्रसिद्ध पहाड़ मंदिर में भरद्वाज मुनि जी एवं भगवान बजरंगबली के पावन सान्निध्य में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन, सत्संग और धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पूजा-अर्चना की और धर्मलाभ लिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंदिर परिसर पहुंचने पर ग्राम पंचायत के सरपंच, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। श्री पाण्डेय ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने भावुक अंदाज में कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद सबसे महत्वपूर्ण है। जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत और जनसेवा की निरंतर प्रेरणा है। उन्होंने प्रभु श्रीराम एवं बजरंगबली से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और हमारी धार्मिक परंपराएं समाज को प्रेम, सद्भाव, एकता और सेवा का संदेश देती हैं। गांवों में आयोजित होने वाले ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल आस्था के आयोजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपने संस्कारों, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी हैं।

श्री पाण्डेय ने कहा कि घोघरा घाटी का पहाड़ मंदिर क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष होने वाला भजन-कीर्तन एवं सत्संग का आयोजन ग्रामीणों की धार्मिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन समिति, ग्राम पंचायत और समस्त ग्रामीणजनों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक समसेर सिंह, भाजपा नेता यादवराम पटेल, विभूति शिदार, हेम सागर पटेल, ग्राम पंचायत बैगिनडीह के सरपंच जितेंद्र पटेल, युवा नेता अजय पटेल, पत्रकार विभूति श्रीवास, हेमसागर, राम कुमार थूरिया, राजकुमार पटेल एवं पुरुषोत्तम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, माताएं-बहनें, युवा और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, सत्संग एवं धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा मंदिर परिसर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंजता रहा। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए आयोजन को सफल बनाया।

अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने ग्रामीणजनों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत, सम्मान एवं स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी के सुखद, समृद्ध और मंगलमय भविष्य की कामना की।

Back to top button