सारंगढ़

आजादी के 80 साल बाद भी 21 गांव सुविधाओं से वंचित, रवान में ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना…

बिलाईगढ़। विधानसभा क्षेत्र के वनांचल इलाकों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। बिजली, पक्की सड़क और सामुदायिक वन अधिकार जैसी बुनियादी मांगों को लेकर अब ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। इसी को लेकर सर्वदलीय मंच के बैनर तले 1 नवंबर से ग्राम रवान में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के आठ दशक बीत जाने के बाद भी क्षेत्र के 21 गांवों के लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र के कई गांव आज भी बिजली, पक्की सड़क और सामुदायिक वन अधिकार जैसी आवश्यक सुविधाओं से वंचित हैं। इन समस्याओं को लेकर कई बार शासन-प्रशासन के समक्ष मांगें रखी गईं, लेकिन हर बार आश्वासन देकर ग्रामीणों को लौटा दिया गया। लंबे समय से समस्याओं का निराकरण नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने अब एकजुट होकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है।

इस आंदोलन में ग्राम बफरा, भिंभोरी, नवाडीह, गुड़ागढ़, बार, हरदी, मुड़पार, दोंद, पाड़ादाह, आमगांव, लोरीदखार, ढेबी, ढेबा, मोहदा, रवान, कौवाबाहरा, मुरूमडीह, छताल डबरा, रामपुर, झालपानी और फुरफुंदी सहित कुल 21 गांवों के ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। सर्वसम्मति से निर्णय लेकर ग्राम रवान को आंदोलन का केंद्र बनाया गया है।

धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नीतीश बंजारे आंदोलन स्थल ग्राम रवान पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को विस्तार से सुना। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को अपना समर्थन दिया। साथ ही शासन-प्रशासन से मांग की कि वनांचल क्षेत्र के इन 21 गांवों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बिजली, पक्की सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच वनांचल के इन गांवों की जमीनी हकीकत आज भी बदहाल है। अब ग्रामीण केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी समस्याओं का ठोस समाधान चाहते हैं। ऐसे में रवान में शुरू हुआ यह आंदोलन शासन-प्रशासन के लिए एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है कि आखिर कब तक इन 21 गांवों के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ेगा?

Back to top button