थाना प्रभारी का ताबड़तोड़ एक्शन! महुआ पेड़ के नीचे चल रही जुए की महफिल पर धावा, 7 जुआरी गिरफ्तार…

भटगांव। अवैध गतिविधियों के खिलाफ भटगांव पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की है, जिससे जुआरियों में हड़कंप मच गया है। थाना प्रभारी की सक्रियता और पुलिस टीम की मुस्तैदी ने ग्राम सरमंदी में महुआ पेड़ के नीचे सज रही जुए की महफिल को उजाड़ दिया। मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश दी और भागने की कोशिश कर रहे सात जुआरियों को घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपिका मिंज के पर्यवेक्षण में जिलेभर में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 3 नवंबर को थाना भटगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सरमंदी में महुआ पेड़ के नीचे कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की। पुलिस को अचानक सामने देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और सटीक घेराबंदी के सामने उनकी एक नहीं चली। टीम ने मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ एवं आरोपियों के कब्जे से कुल 5,900 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की। गिरफ्तार आरोपियों में राजेन्द्र बघेल (36 वर्ष), निवासी जोरा, रवि निराला (35 वर्ष), विशाल निराला (28 वर्ष) एवं राजेश निराला (18 वर्ष), निवासी ओटगन, राज देवांगन (25 वर्ष), अमृत लाल सिदार (25 वर्ष) तथा संतोष खड़िया (33 वर्ष), निवासी भटगांव शामिल हैं।
पुलिस ने सभी सात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
भटगांव थाना पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी की सक्रिय कार्यशैली, त्वरित निर्णय क्षमता और पुलिस टीम की सजगता देखने को मिली। मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करना और जुआरियों को मौके पर ही पकड़ना पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है। क्षेत्र में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई एक सख्त संदेश है कि कानून से बचकर कोई भी अवैध गतिविधि संचालित नहीं कर सकता।