जन्मदिन पर शिक्षिका ने बच्चों संग बांटी खुशियां, न्योता भोज में मिला स्नेह का उपहार…

सारंगढ़। शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला सिंघीचुवा में शिक्षिका श्रीमती युगेश्वरी साहू ने अपने जन्मदिवस को खास और यादगार बनाते हुए विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर उनके द्वारा विद्यालय में न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को स्वादिष्ट मिठाई, हलवा, पूरी-सब्जी एवं फल वितरित किए गए। साथ ही सभी विद्यार्थियों को पानी की बोतलें भी भेंट की गईं।
शिक्षिका की इस आत्मीय पहल से विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां बांटने के साथ उनमें आपसी प्रेम, सहयोग, समानता और सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना था। न्योता भोज के माध्यम से शिक्षिका ने यह संदेश दिया कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों की खुशियां जरूरतमंदों और बच्चों के साथ साझा करने से उनका महत्व और भी बढ़ जाता है।
इस अवसर पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष बुद्धेश्वर पटेल, राजू पटेल, समिति के अन्य सदस्य एवं विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षिका युगेश्वरी साहू की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।