ठिठुरते बचपन को सेवा भारती ने दी गर्माहट, बच्चों में बांटे स्वेटर और शिक्षण सामग्री…

सारंगढ़। ठंड ने दस्तक दे दी है और सर्द हवाओं के बीच जरूरतमंद परिवारों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। जहां संपन्न लोग गर्म कपड़ों, हीटर और रजाई के सहारे ठंड से बचाव कर रहे हैं, वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे आज भी पर्याप्त गर्म कपड़ों के अभाव में ठिठुरने को मजबूर हैं। ऐसे में सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सेवा भारती की टीम ने सेवा बस्ती में जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के बीच स्वेटर, कॉपी-पुस्तक, स्टेशनरी सामग्री एवं चॉकलेट का वितरण किया।
इस सेवा कार्य के दौरान समाजसेवी सतीश यादव एवं सेवा भारती की टीम ने बच्चों को गर्म स्वेटर प्रदान कर उन्हें ठंड से बचाव का संदेश दिया। साथ ही बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित भी किया। बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर सेवा भारती की टीम ने समाज के सक्षम एवं संवेदनशील लोगों से आगे आकर जरूरतमंद परिवारों की मदद करने की अपील की। टीम ने कहा कि ठंड के मौसम में खुले आसमान के नीचे और सीमित संसाधनों के बीच जीवन बिताने वाले लोगों को गर्म कपड़ों एवं कंबलों की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
सेवा भारती की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे मानवता, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बताया। जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने यह संदेश दिया कि छोटी-सी मदद भी किसी के जीवन में बड़ी खुशी ला सकती है।