दीपावली पर जलेगा साक्षरता का दीप, जिलेभर में चलेगा जनजागरूकता अभियान…

सारंगढ़। दीपावली के पावन पर्व पर इस बार जिले में शिक्षा और साक्षरता का संदेश भी रोशनी के साथ जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत दीपावली से एक दिन पूर्व जिलेभर में ‘एक दीप साक्षरता के नाम’ जनजागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत शाम 6 बजे से 7 बजे तक नागरिक साक्षरता के महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश देंगे।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियान में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के असाक्षर व्यक्तियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और प्रत्येक नागरिक को साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने के साथ यह संदेश भी दिया जाएगा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि एक सशक्त और जागरूक समाज की आधारशिला है।
दीपावली के अवसर पर घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ साक्षरता के नाम एक दीप जलाकर लोगों को शिक्षा का महत्व समझाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की है, ताकि जिले में साक्षरता की अलख जगाकर हर व्यक्ति को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प साकार किया जा सके।