सारंगढ़

बंदारी मोड़ पर ट्रक की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, इलाके में पसरा मातम…

सारंगढ़। भटगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा भटगांव से आगे बंदारी मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बूंदकुवर साहू, पति सेवकराम साहू, उम्र 50 वर्ष, निवासी महलपारा सराईपाली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ग्राम पवनी में अपने रिश्तेदार प्रेमलाल साहू के घर आई हुई थीं। वहां से वापस जाते समय भटगांव के आगे बंदारी मोड़ के पास ट्रक क्रमांक CG 04 RD 1676 की चपेट में आ गईं। हादसा इतना दर्दनाक था कि महिला की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही भटगांव थाना प्रभारी शिवकुमार धारी, पीएसआई नवीन कुमार एवं थाना स्टाफ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए बिलाईगढ़ अस्पताल भेज दिया।

वहीं पुलिस दुर्घटनाकारित ट्रक एवं वाहन चालक के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आगे की जांच में लगी हुई है। हादसे के कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button