सारंगढ़:हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन सख्त, तत्काल काम पर लौटने का अल्टीमेटम…

सारंगढ़। पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। 13 अक्टूबर 2026 से विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे पटवारियों को एसडीएम सारंगढ़ ने तत्काल काम पर लौटने का नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले पटवारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
क्रमांक 1150/अ.वि.अ./वाचक-4/2026 के तहत जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण शासन के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इनमें धान का डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं गिरदावरी, धान खरीदी से संबंधित कार्य, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की क्षति का आकलन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, ई-हेल्पलाइन तथा न्यायालयीन कार्य सहित अनेक जनहित से जुड़े कार्य शामिल हैं।
एसडीएम ने नोटिस में कहा है कि शासकीय सेवक होने के नाते पटवारियों का इस तरह कर्तव्य से अनुपस्थित रहना शासकीय सेवा नियमों के प्रतिकूल एवं लोकहित के विरुद्ध है। इसलिए सभी संबंधित पटवारियों को तत्काल अपने कर्तव्य पर लौटकर अधोहस्ताक्षरी के समक्ष अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि संबंधित पटवारी निर्देशों का पालन नहीं करते हैं, तो उनकी अनुपस्थिति की अवधि को सेवा में अवरोध (Break in Service) मानते हुए प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित पटवारी की होगी।
वहीं, एसडीएम ने तहसीलदार सारंगढ़, बरमकेला एवं सरिया को निर्देशित किया है कि वे संबंधित पटवारियों को तत्काल नोटिस तामील कराएं और इसकी पालन प्रतिवेदन रिपोर्ट उसी दिन एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत करें।
प्रशासन के इस सख्त नोटिस के बाद पटवारियों की हड़ताल और प्रशासन के बीच टकराव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना होगा कि पटवारी संघ इस चेतावनी के बाद क्या रुख अपनाता है।