किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता : राजेंद्र नायक

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त राजेंद्र नायक ने अपने सारंगढ़ प्रवास के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कृषकों की बैठक लेकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र किसान को शासन की योजनाओं का लाभ मिले और कोई भी हितग्राही जानकारी या विभागीय लापरवाही के कारण योजनाओं से वंचित न रहे।
राजेंद्र नायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए। साथ ही पात्र किसानों की पहचान कर उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
बैठक के दौरान अध्यक्ष नायक ने उपस्थित कृषकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं विभागीय योजनाओं से जुड़ी परेशानियां सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब उनका क्रियान्वयन कागजों तक सीमित न रहकर खेतों और किसानों तक पहुंचेगा।
इस अवसर पर सहायक संचालक उद्यानिकी आकांक्षा उपाध्याय सहित जिले के समस्त क्षेत्रीय अधिकारी उपस्थित रहे। सारंगढ़ पहुंचने पर श्री नायक का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मुरारी पटेल, शाकंभरी बोर्ड के सदस्य बसंत पटेल, प्रेमलाल पटेल, प्रेम पटेल एवं संतोष पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।