सारंगढ़

सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में प्रमोद यादव का दमदार एक्शन, विसर्जन से पहले शहर में पुलिस का कड़ा पहरा…

सारंगढ़। गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 1 अक्टूबर को नगर के 20 से अधिक गणेश पंडालों की प्रतिमाओं का विसर्जन खाड़ाबन तालाब में प्रस्तावित है। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए नगर में फ्लैग मार्च एवं सघन पेट्रोलिंग की।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में विसर्जन की पूर्व संध्या पर सिटी कोतवाली पुलिस ने नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, गणेश पंडालों और विसर्जन मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी प्रमोद यादव एवं यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लेते हुए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार से माहौल बिगाड़ने, हुड़दंग करने, हादसा करने अथवा पुरानी रंजिश निकालने की कोशिश करने वाले तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस एवं यातायात अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने गणेश समितियों एवं श्रद्धालुओं से भी शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने, निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गजानन स्वामी की प्रतिमाओं का विसर्जन अमन-चैन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार निगरानी रखेगा।

Back to top button