रायगढ़

रायगढ़ के अनूप चौबे का छत्तीसगढ़ अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयन, लखनऊ में दिखाएंगे दमखम…

 

रायगढ़। जिले के लिए गौरव और हर्ष का विषय है कि रायगढ़ निवासी अनूप चौबे पिता मनोज चौबे का चयन छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ की अंडर-16 टीम में हुआ है। अनूप के इस शानदार चयन से परिवार, मित्रों, खेल प्रेमियों और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

अनूप चौबे एमजे क्रिकेट अकादमी के प्रशिक्षु हैं। वे आगामी 14 नवंबर को छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम के साथ विजय मर्चेंट ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए लखनऊ रवाना होंगे। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वे राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी क्रिकेट प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

अनूप के पिता मनोज चौबे ने बताया कि अनूप को बचपन से ही क्रिकेट के प्रति गहरी रुचि रही है। उन्होंने छोटी उम्र से ही क्रिकेट का अभ्यास शुरू कर दिया था और कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा साबित की है। विभिन्न मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए वे मैन ऑफ द मैच का खिताब भी हासिल कर चुके हैं।

अनूप की इस सफलता के पीछे उनका निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत रही है। अंडर-16 राज्य टीम में चयन उनके क्रिकेट करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। परिवारजनों ने इस सफलता का श्रेय अनूप की मेहनत के साथ-साथ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया है।

अनूप के चयन से रायगढ़ जिले के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। जिलेवासियों ने उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वे अपने शानदार प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे और भविष्य में भारतीय क्रिकेट टीम तक पहुंचकर देश का नाम रोशन करेंगे।

Back to top button