सारंगढ़

सारंगढ़:डीईओ पटेल का फेडरेशन ने किया अभिनंदन, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा…

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन एवं क्रांतिकारी शिक्षक संघ ने नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल का आत्मीय एवं गरिमामय अभिनंदन किया। संघ के प्रदेशाध्यक्ष लैलुन भारद्वाज, जिला संयोजक फकीरा यादव, जिलाध्यक्ष विमल कुमार अजगल्ले एवं ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र मनहर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
सौजन्य भेंट के दौरान संघ पदाधिकारियों ने जिले में कार्यरत शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न शैक्षिक, प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं को जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष रखा। पदाधिकारियों ने समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। संघ ने उम्मीद जताई कि नवपदस्थ डीईओ के नेतृत्व में शिक्षकों से जुड़े लंबित मामलों का नियमानुसार समाधान होगा और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को और बेहतर गति मिलेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल ने संघ पदाधिकारियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने शिक्षकों की जायज समस्याओं के निराकरण के लिए नियमानुसार त्वरित कार्यवाही एवं सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। डीईओ के आश्वासन से संघ पदाधिकारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में जिले की शिक्षा व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण बेहतर बनेगा। साथ ही जिला प्रशासन और शिक्षक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा।
इस अवसर पर लोकेंद्र पटेल, नंदकुमार बंजारे, दीपक तिवारी, कौशल राठिया सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Back to top button