सारंगढ़:कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर 30 तीर्थयात्रियों को अयोध्या धाम के लिए किया रवाना…

सारंगढ़। जिले के चयनित 30 तीर्थयात्रियों के लिए बुधवार का दिन आस्था और उत्साह से भरा रहा। शासन की तीर्थ दर्शन योजना के तहत श्री रामलला अयोध्या धाम तीर्थ दर्शन यात्रा के लिए चयनित जिले के 30 तीर्थयात्रियों के दल को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने हरी झंडी दिखाकर बस के माध्यम से अयोध्या धाम के लिए रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी तीर्थयात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा के सफल होने की कामना की।
कलेक्टर द्वारा बस को रवाना किए जाने के दौरान तीर्थयात्रियों के चेहरे पर प्रभु श्रीराम के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी। श्रद्धालुओं ने कहा कि अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्री रामलला के दर्शन करना उनके लिए बेहद सौभाग्य और जीवन का यादगार अवसर है। शासन की इस पहल से उन्हें धार्मिक आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण तीर्थस्थल की यात्रा का अवसर मिल रहा है, जिसके लिए उन्होंने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जिले से चयनित सभी 30 तीर्थयात्री पहले बस के माध्यम से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। इसके बाद बिलासपुर से रेल मार्ग के जरिए अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और पूरी यात्रा सुगम एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो।
तीर्थयात्रियों की सुविधा, यात्रा व्यवस्था एवं आवश्यक प्रबंधन की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी एवं पर्यटन विभाग द्वारा सुनिश्चित की जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन, ठहरने सहित आवश्यक व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और वे बिना किसी परेशानी के प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकें।
बस रवाना होने के समय तीर्थयात्रियों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। कई श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाते हुए यात्रा के लिए रवाना हुए। तीर्थयात्रियों ने कहा कि अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन की इच्छा लंबे समय से थी, जिसे शासन की योजना ने पूरा करने का अवसर दिया है। इस धार्मिक यात्रा को लेकर उनके बीच विशेष उमंग देखने को मिली।
शासन की इस योजना को वरिष्ठ नागरिकों के लिए धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुभव उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। जिले से चयनित तीर्थयात्रियों को अयोध्या धाम की यात्रा का अवसर मिलने से उनमें खुशी का माहौल है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को लेकर किए गए इंतजामों के लिए भी तीर्थयात्रियों ने कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों और शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
