जन्माष्टमी पर भक्तिमय हुआ बरमकेला, रतन शर्मा ने की सुख-शांति की कामना…

बरमकेला। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बरमकेला में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कैट के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा के नेतृत्व में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई।
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को आकर्षक झूले में विराजमान कर श्रद्धालुओं ने उन्हें झूला झुलाया और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए। पूजा-अर्चना के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में व्यापारिक बंधुओं के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा और उमंग के साथ मनाते हुए सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर कैट जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, न्याय और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही जन्माष्टमी पर्व की वास्तविक सार्थकता है। उन्होंने सभी नागरिकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।