सारंगढ़

नपा चुनाव फतह करने भाजपा ने कसी कमर…

सारंगढ़। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला भाजपा कार्यालय सारंगढ़ में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं चुनावी बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका चुनाव को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में मुख्य रूप से नगर पालिका चुनाव प्रभारी एवं पूर्व विधायक बेलतरा रजनीश सिंह, सहप्रभारी एवं भाजपा रायगढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष, सहप्रभारी श्रीमती पूनम सोलंकी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
नगर पालिका चुनाव में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, मंडल अध्यक्ष जय बानी, मंडल प्रभारी स्वप्निल स्वर्णकार, पूर्व विधायक केराबाई मनहर तथा जिला महामंत्री अमित रिंकू तिवारी की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए चुनाव में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्तमान में कांग्रेस के कब्जे वाली नगर पालिका को भाजपा के पक्ष में लाने के लिए चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। नेताओं और कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर जीत की मजबूत चुनावी व्यूह रचना तैयार करने पर चर्चा हुई।
बैठक में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन की सक्रियता और चुनावी तैयारियों का संदेश दिया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर पालिका चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कुल मिलाकर बैठक में संगठनात्मक एकजुटता के साथ यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि भाजपा आगामी नपा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और कांग्रेस से नगर पालिका की सत्ता छीनने के लिए मजबूत रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।

Back to top button